Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। विधानसभा परिसर के मतदान केंद्र पर सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया सुबह शुरू हुई और निर्धारित समय शाम 4 बजे तक चली। इसके बाद मतपेटियों को सील कर सुरक्षित रखा गया। अब शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में
राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए इस बार तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मैदान में उतारा है। वहीं एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवानी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला झारखंड विधानसभा के 81 विधायक करेंगे। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित संख्या में प्रथम वरीयता के मत प्राप्त करना आवश्यक होता है।
सत्तापक्ष का पलड़ा भारी
विधानसभा में संख्या बल के आधार पर सत्तारूढ़ गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा माले को मिलाकर गठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है। इनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायक शामिल हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं। ऐसे में एक सीट पर महागठबंधन की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चाएं जारी हैं।

अर्जुन मुंडा ने जताया नाथवानी की जीत का भरोसा
मतदान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी विधानसभा पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा में दूसरा सबसे बड़ा दल है और पार्टी ने नाथवानी को समर्थन देने का फैसला किया है। अर्जुन मुंडा ने उम्मीद जताई कि अन्य दलों के कुछ विधायक भी नाथवानी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव सामान्य चुनावों से अलग होते हैं और कई बार ऐसे चुनावों में व्यक्तिगत संबंधों तथा क्रॉस वोटिंग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
यह भी पढ़ें: पुलिस थानों में CCTV लगाने में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, DGP और गृह विभाग से मांगा जवाब
परिणामों पर टिकी राजनीतिक दलों की नजर
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। राज्यसभा चुनाव के नतीजे न केवल दोनों सीटों के विजेताओं का फैसला करेंगे, बल्कि विधानसभा के भीतर विभिन्न दलों की राजनीतिक रणनीति और एकजुटता की भी परीक्षा साबित होंगे। विशेष रूप से दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है। शाम 5 बजे से शुरू होने वाली मतगणना के बाद देर शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर कौन उम्मीदवार संसद के उच्च सदन का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

