Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक और शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार सरिया रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाली डिग्री कॉमर्स की छात्रा ने बगोदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का आरोप है कि कोचिंग संचालक शाहिद अंसारी ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और लगातार परेशान करता रहा।
फीस माफ करने और उपहार देने का दिया लालच
पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि आरोपी कोचिंग फीस माफ करने, टॉफी और अन्य उपहार देने का प्रलोभन देकर उसके साथ अशोभनीय व्यवहार करता था। छात्रा के अनुसार 30 मई को आरोपी ने कथित तौर पर गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से आरोपी की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान और भयभीत थी, लेकिन बाद में उसने मामले की शिकायत पुलिस से करने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें: रांची रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 61 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
अन्य छात्रा को ब्लैकमेल करने का भी आरोप
शिकायत में छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पूर्व में एक अन्य लड़की को भी कथित रूप से ब्लैकमेल कर चुका है। हालांकि इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग कोचिंग संस्थान पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
बगोदर थाना पुलिस ने छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी शाहिद अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। मामले में छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों और आरोपी के पक्ष को लेकर विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
