Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन पब एंड बार में हुए विवाद और उसके बाद बाहर हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु सिंह की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया है। घटना के बाद बढ़ते जनाक्रोश और कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन ने यह कदम उठाया है। हिमांशु सिंह की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। घटना के विरोध में बिष्टुपुर स्थित रीगल गोलचक्कर पर कई घंटों तक सड़क जाम और प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों पर भी गिरी गाज
मामले को लेकर बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन ने पहले घटना के समय ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया। इसके बाद बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच के दौरान प्रशासन ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए डबल डाउन पब एंड बार को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें: जनसभा से जुड़े मामले में गिरिडीह कोर्ट पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो, समर्थकों की उमड़ी भीड़
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रशासन के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर अब लोगों की नजर पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

