Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : जिले की हंटरगंज थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, कारतूस और दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना के बाद सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर हंटरगंज के डुमरिया स्कूल परिसर में छापेमारी की गई, जहां चारों आरोपी पकड़े गए।
बिहार-झारखंड का अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार के गया जिले के बाराकला निवासी गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान,चतरा के बड़का पिंडरा निवासी चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान, गया निवासी प्रवीण कुमार और फतेहपुर निवासी विकास मांझी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी झारखंड और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे और किसी बड़ी लूट की योजना बना रहे थे।
यह भी पढ़ें: आदिवासी छात्र संघ ने राज्यपाल को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन, उच्च शिक्षा सुधार की उठाई मांग
हथियार और कारतूस बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद हथियारों का इस्तेमाल बड़ी आपराधिक वारदात में किए जाने की आशंका जताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हंटरगंज क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की समय रहते कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।
कई गंभीर मामलों में वांछित थे आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सभी गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। यह गिरोह वारदात के बाद राज्य बदलकर छिपने में माहिर था। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।