चतरा में अवैध अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, घर से 2.132 किलो अफीम बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

Meenu | June 4, 2026

Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :झारखंड के चतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंदा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक घर से 2.132 किलोग्राम अफीम बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें :बोकारो में रेलवे ट्रैक के पास मिले तीन युवकों के शव, इलाके में फैली सनसनी

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के सिकिदाग गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान 2.132 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिकिदाग गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र रविदास उर्फ रविंदर रविदास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पिता का नाम सुरेश मोची है। बरामद अफीम को जब्त कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जाती थी। इस छापेमारी अभियान में कुंदा के अंचलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी श्रीकांत पाण्डेय तथा कुंदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्त नजर

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें