Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा में बकरीद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन और साइबर टीम की विशेष नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा रेप केस में दोषी को 10 साल की सजा, घर में घुसकर विवाहिता से किया था दुष्कर्म
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
ईद-उल-जुहा 2026 को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय सभा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, पानी और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता रवि आनंद ने की।
डीसी ने भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की
डीसी रवि आनंद ने कहा कि ईद-उल-जुहा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में शांति समिति की बैठकें कराने और जरूरत पड़ने पर फ्लैग मार्च आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
अनिमेश नथानी ने कहा कि बकरीद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। एसपी ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से बिना सत्यापन किसी भी पोस्ट को फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की।
संदिग्ध पोस्ट दिखे तो तुरंत दें सूचना
प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग मांगा है। अधिकारियों ने कहा कि अगर किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट नजर आए, तो उसकी जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या प्रशासन को दें। साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। एसपी अनिमेश नथानी ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी भी की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साफ-सफाई और अपशिष्ट निष्पादन पर सख्ती
बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए। डीसी ने कहा कि मांस, मछली और मुर्गा विक्रेता अपशिष्ट सामग्री का निष्पादन सिर्फ निर्धारित स्थानों पर ही करें। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में अपशिष्ट फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, एसडीओ जहूर आलम, डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post