Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची के कोकर इलाके के खोरहा टोली से 9 मई की शाम से लापता डेढ़ वर्षीय बच्ची अदिति पांडेय की तलाश लगातार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खोज अभियान और तेज कर दिया है। अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगने के बाद रांची पुलिस ने पहले घोषित इनाम राशि को बढ़ाते हुए बड़ा ऐलान किया है। अदिति पांडेय के बारे में सही और सटीक जानकारी देने वाले को अब 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें :रांची सदर अस्पताल के पैनल रूम का होगा जीर्णोद्धार, 29 लाख रुपये की मंजूरी
पुलिस ने तेज किया सर्च ऑपरेशन
रांची पुलिस की ओर से शहर के कई इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तकनीकी जांच के साथ-साथ मानव खुफिया तंत्र की मदद से भी बच्ची की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम शहर के विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मामले से जुड़ा कोई सुराग मिल सके।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इनाम राशि बढ़ाने से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और जांच में मदद मिल सकती है। रांची पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अदिति पांडेय के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि बच्ची को सुरक्षित खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं परिवार लगातार चिंता और उम्मीद के बीच पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post