Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिमी सिंहभूम: कोल्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुमशुदगी की घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच कुल 212 लोगों के लापता होने के मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इनमें महिलाओं और युवतियों की संख्या सबसे अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक कुल लापता लोगों में 106 महिलाएं और युवतियां शामिल हैं, जो करीब 50 प्रतिशत है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा मामले
पूर्वी सिंहभूम जिले में सबसे अधिक 120 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें 64 महिलाएं, 3 नाबालिग और 53 युवक एवं पुरुष शामिल हैं। कई मामलों में लंबे समय बीतने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले में 73 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 33 महिलाएं और युवतियां, 31 युवक एवं पुरुष और 9 नाबालिग शामिल हैं। पश्चिमी सिंहभूम जिले में 19 लोग लापता बताए गए हैं, जिनमें 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। तीनों जिलों में कुल 12 नाबालिग बच्चों के गायब होने के मामलों ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें: सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे साहिबगंज के 4 पहलवान
मानव तस्करी की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि कई लोग मानव तस्करी का शिकार हो सकते हैं। रोजगार और बेहतर जिंदगी का झांसा देकर लोगों को दूसरे राज्यों में ले जाने की आशंका जताई जा रही है। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस “प्रोजेक्ट मिलाप” अभियान चला रही है। निधि द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत कई लोगों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया गया है, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।