Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम संजय कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का फैसला लिया गया।
यह भी पढ़ें :सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे साहिबगंज के 4 पहलवान
शिकायतों के बाद बदले गए पुराने सुरक्षाकर्मी
प्रशासन को पिछले कुछ समय से अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुराने गृह रक्षकों को हटाकर उनकी जगह 9 नए होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह ही सभी पुराने जवानों को बदलने का निर्णय लिया गया था।
नए जवानों को दी गई विशेष ब्रीफिंग
नए होमगार्ड जवानों की तैनाती के बाद एसडीएम ने खुद उनकी ब्रीफिंग की और पूरी मुस्तैदी तथा जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस और कंट्रोल रूम से रहेगा सीधा संपर्क
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को स्थानीय थाना और पुलिस कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही हर शिफ्ट के लिए स्पष्ट रोस्टर तैयार करने को कहा गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और कानून-व्यवस्था को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रहा है। मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, उप निरीक्षक अविनाश कुमार और होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post