Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी : खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में रविवार रात निर्माणाधीन पुल साइट पर फायरिंग और लूट की घटना से दहशत फैल गई। सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहे पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे तीन बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और मोबाइल फोन लूट लिए। जानकारी के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधी देर रात पुल निर्माण स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने मजदूरों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और करीब एक दर्जन मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने चार राउंड हवाई फायरिंग भी की।
मजदूरों ने दिखाई बहादुरी
अचानक हुई फायरिंग से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि डरने के बजाय मजदूर एकजुट हो गए और लाठी-डंडा लेकर अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े। मजदूरों के विरोध से घबराए बदमाश अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में बड़ा हादसा : दामोदर नदी में डूबे तीन किशोर, एक की मौत, एक लापता
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई अपाचे बाइक बरामद कर ली है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस मामले में प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
चार करोड़ की लागत से बन रहा पुल
सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बनने वाला यह पुल करीब चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। पुलिस बरामद बाइक के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।