झारखंड में कल होगी B.Ed प्रवेश परीक्षा, 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे एग्जाम; 13,600 सीटों पर होगा दाखिला

Rupa Kumari | May 30, 2026 | 02:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में B.Ed, M.Ed और BP.Ed पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी। राज्यभर से 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा किया जा रहा है।

राज्यभर में बनाए गए 94 परीक्षा केंद्र

प्रवेश परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा के लिए रांची सहित राज्य के आठ जिला मुख्यालयों—रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अकेले रांची में 30 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: गिद्दी सी परियोजना के पांच अधिकारी-कर्मचारी जांच के घेरे में

ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा

परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएगी। प्रश्न पत्र में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू होगी। प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) तैयार की जाएगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को राज्य के सरकारी एवं गैर-सरकारी बीएड कॉलेजों में नामांकन का अवसर मिलेगा।

136 कॉलेजों की 13,600 सीटों पर प्रवेश

झारखंड में संचालित 136 बीएड कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए करीब 13,600 सीटों पर नामांकन किया जाएगा। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें