Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: जिले के गिद्दी सी परियोजना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने परियोजना से जुड़े पांच अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों पर एक साथ छापेमारी कर जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की। जानकारी के अनुसार, सीबीआई की कई टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर एक साथ जांच अभियान चलाया। जांच के दायरे में आए अधिकारियों और कर्मचारियों के क्वार्टरों से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। टीम आवश्यक अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को भी जुटाने में लगी हुई है।
जांच के कारणों पर अभी सस्पेंस
सीबीआई की ओर से फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार जांच का संबंध कथित आय से अधिक संपत्ति (डिसप्रोपोर्शनट एसेट) मामले से हो सकता है। जांच के मद्देनजर संबंधित परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सीबीआई अधिकारी पूरे मामले में गोपनीयता बनाए हुए हैं, जिसके कारण कार्रवाई के वास्तविक कारणों को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें: अररिया में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या, घर में आग लगाने का आरोप
इन लोगों के आवासों पर चल रही जांच
सूत्रों के मुताबिक जिन लोगों के यहां सीबीआई की जांच चल रही है, उनमें गिद्दी सी परियोजना के मैनेजर रामाशीष राम, अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीसीएलकर्मी परशुराम चौधरी, शोभन चक्रवर्ती तथा एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे गिद्दी क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, जांच पूरी होने और एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।