Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :सोनारी थाना क्षेत्र के कुंजनगर स्थित अंबेडकर पथ (धोबी लाइन) में शनिवार देर रात एक मकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कमरे में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में बड़ा खुलासा: एक ही नंबर से चल रहे थे तीन ट्रैक्टर, CCTV जांच में अवैध बालू परिवहन का भंडाफोड़
पूजा के दौरान दीपक से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच घर के मंदिर में पूजा के दौरान दीपक जलाया गया था। प्रारंभिक अनुमान है कि दीपक की लौ से आसपास रखे सामान में आग लगी, जो धीरे-धीरे पूरे कमरे में फैल गई और विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि संभव है आग की शुरुआत किसी इलेक्ट्रिकल उपकरण, जैसे फ्रिज, से हुई हो, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
आग लगते ही आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें देखकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अग्निकांड में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय घर के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच में जुटी पुलिस और फायर विभाग
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से पूजा के दौरान दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post