जमशेदपुर के भालूबासा में बंद घर में लाखों की चोरी, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

Meenu | May 19, 2026 | 05:12 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा रोड नंबर-9 में बंद पड़े एक घर को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें :गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी APK लिंक भेजकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

बेंगलुरु गए थे मकान मालिक

जानकारी के अनुसार यह मकान पीके पटनायक का है। वे 8 मई को घर बंद कर अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि देर रात बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

घटना की जानकारी उस समय हुई जब पड़ोसियों ने घर के बाहर टूटा हुआ ताला देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मंगलवार दोपहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।

फॉरेंसिक टीम और CCTV फुटेज की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी हुए सामानों की कुल कीमत का आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी की वास्तविक राशि और सामानों की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

Share this news

संबंधित खबरें