Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में कंटेनर के अंदर चालक का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता : हेमंत सोरेन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। सीएम ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
रोजगार सृजन को लेकर सरकार गंभीर : संजय यादव
समारोह में मंत्री संजय यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में रोजगार सृजन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में नई नियुक्तियां की जाएंगी।
शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम : राधा कृष्ण किशोर
संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने नव नियुक्त शिक्षकों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका समाज और आने वाली पीढ़ी को दिशा देने में सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का किया जिक्र
राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि शिबू सोरेन की झारखंड राज्य के गठन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसी सोच और प्रतिबद्धता के साथ राज्य को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। सरकार शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में लगातार प्रयास कर रही है ताकि राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
चयनित अभ्यर्थियों ने जताया आभार
समारोह के अंत में नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने सरकार के प्रति आभार जताया। कई चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें नौकरी मिली है, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
Reporter | Samachar Post