Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बेताकोचा इलाके में सोमवार सुबह एक कंटेनर के अंदर चालक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना फैक्ट्री परिसर के बाहर खड़े कंटेनर में हुई, जिसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।
राजस्थान निवासी था चालक
मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। उसकी पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए की गई। बताया जा रहा है कि हवा सिंह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 लेकर जमशेदपुर आया था और फैक्ट्री परिसर के बाहर वाहन खड़ा कर वहीं रुका हुआ था।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में अवैध गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त
कंटेनर के अंदर फंदे से लटका मिला शव
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक ने रविवार देर रात कंटेनर के भीतर ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर आत्महत्या की। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वह किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य निजी परेशानी से जूझ रहा था या नहीं। हालांकि आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह अब तक सामने नहीं आई है। एमजीएम थाना पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही फैक्ट्री कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।