Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित अमलीया और अंबाटोली गांव में जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार देर रात जंगल से निकलकर गांव पहुंचे एक हाथी ने एक ग्रामीण के घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा आसपास के खेतों में लगी सब्जियों की फसल भी रौंद दी, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें :डोरंडा कॉलेज में छात्रा की फोटो लेने के आरोप पर विवाद, छात्र संगठनों का प्रदर्शन
घर की दीवार तोड़ी, चावल खाया और सामान किया बर्बाद
जानकारी के मुताबिक, हाथी अमलीया जंगल की ओर से गांव में दाखिल हुआ और सीधे अंबाटोली निवासी सुलेंद्र उरांव के घर पहुंच गया। हाथी ने मिट्टी से बने मकान की दीवारों को जोरदार धक्का मारकर तोड़ दिया, जिससे घर का एक हिस्सा ढह गया। हाथी ने घर में रखा एक बोरा चावल भी खा लिया। वहीं दीवार गिरने से बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी टूटकर खराब हो गए। घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के समय सुलेंद्र उरांव घर के अंदर मौजूद थे। अचानक हाथी को सामने देखकर उन्होंने किसी तरह भागकर दूसरे कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते वह बाहर नहीं निकलते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
खेतों में लगी सब्जियों की फसल भी हुई बर्बाद
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने गांव के आसपास खेतों में लगी सब्जियों की खेती को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। इससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हाथियों की आवाजाही के कारण गांव के लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इलाके में जंगली हाथियों का आतंक बना हुआ है। कभी फसलें बर्बाद हो रही हैं तो कभी घरों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों में डर बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा और स्थायी समाधान
प्रभावित ग्रामीण सुलेंद्र उरांव ने वन विभाग से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान निकालने, नियमित गश्ती बढ़ाने और हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
वन विभाग की टीम गांव पहुंची, लोगों को किया जागरूक
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। वनरक्षी अकील अहमद ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। सुरक्षा के लिए विभाग की ओर से ग्रामीणों को टॉर्च और पटाखे भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर हाथियों को गांव से दूर भगाया जा सके। साथ ही लोगों से अपील की गई कि हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और किसी भी हालत में हाथियों के करीब जाने की कोशिश न करें।
Reporter | Samachar Post