Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के भरनो स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 10वीं की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बूढ़ीपाठ गांव निवासी चैतु उरांव की 15 वर्षीय बेटी मोनिका कुमारी के रूप में हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ में महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाने का मामला, 5 नामजद समेत 50 से अधिक पर FIR
पेट दर्द बताकर कमरे में रुकी थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, छात्रावास में कुल 27 कमरे हैं। मोनिका दूसरे मंजिल के कमरा नंबर 23 में रहती थी, जहां कुल 15 छात्राएं रह रही थीं। सुबह सभी छात्राएं PT के लिए ग्राउंड में गई थीं, लेकिन मोनिका ने पेट दर्द की बात कहकर कमरे में ही रुकने की बात कही। जब मैदान में छात्राओं की गिनती हुई तो मोनिका अनुपस्थित मिली। इसके बाद शिक्षकों ने उसकी सहेलियों को कमरे में भेजा। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी दौरान अंदर से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। छात्राओं ने मिलकर दरवाजा तोड़ा तो देखा कि मोनिका दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने जताया संदेह
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के माता-पिता स्कूल पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पेट दर्द था तो वह फांसी क्यों लगाएगी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके अलावा SDO अखिलेश कुमार, DEO कविता खलखो, BDO अरुण कुमार सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

