Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड स्थित आधार सेवा केंद्र में आम लोगों से तय शुल्क से अधिक पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है। यह केंद्र जेएसपीएल भवन में संचालित है, जहां दूर-दराज से लोग आधार से जुड़े कार्य कराने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आधार अपडेट, मोबाइल नंबर लिंकिंग और अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक राशि ली जा रही है। कई लाभुकों का कहना है कि उनसे हर सेवा के लिए ₹200 तक वसूले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी में हजारों मछलियों की मौत, सरयू राय ने की जांच की मांग
रेट लिस्ट नहीं, जानकारी से वंचित लोग
केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे लोगों को सही जानकारी नहीं मिल पाती। जबकि यूआईडीएआई के अनुसार फिंगरप्रिंट अपडेट के लिए ₹125, उम्र संशोधन के लिए ₹75 और मोबाइल अपडेट के लिए ₹75 निर्धारित है, वहीं नया आधार कार्ड बनवाना पूरी तरह मुफ्त है।
शिकायत करने से डर रहे लोग
कई लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यदि वे शिकायत करते हैं, तो भविष्य में उनका काम नहीं किया जाएगा। इसी डर से लोग खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग किराया खर्च कर केंद्र तक पहुंचते हैं, लेकिन वहां भी उन्हें अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। इससे आम जनता को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।
Reporter | Samachar Post