Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में डोबो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी में हजारों मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। रविवार तड़के मछुआरों ने नदी में बड़ी संख्या में मृत मछलियां देखीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब तीन बजे जब मछुआरे नदी पहुंचे, तो उन्हें बिना जाल डाले ही मछलियां मिल रही थीं, लेकिन सभी मृत थीं। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में मरी हुई मछलियां ले जाने की होड़ लग गई।
यह भी पढ़ें :सिस्टम की लापरवाही से गई दो जिंदगियां: मोबाइल की रोशनी में प्रसव, मां और नवजात की मौत
सरयू राय ने उठाए गंभीर सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर सरयू राय मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने इसे गंभीर पर्यावरणीय संकट बताते हुए तत्काल जांच की मांग की। सरयू राय ने कहा कि जिस स्थान पर मछलियां मरी हैं, वहां पास में बहने वाला सीवेज नाला सीधे नदी में गिरता है। उनका आरोप है कि शहर का दूषित पानी और कचरा बिना शोधन के नदी में मिल रहा है, जिससे जलजीवों का जीवन खतरे में पड़ गया है।
जलकुंभी और गंदगी बढ़ने के संकेत
उन्होंने यह भी बताया कि नदी में जलकुंभी की अत्यधिक वृद्धि और गंदगी इस बात का संकेत है कि पानी का प्रदूषण स्तर खतरनाक हो चुका है। आशंका जताई गई है कि पानी में किसी जहरीले या रासायनिक तत्व के मिल जाने से मछलियों की सामूहिक मौत हुई हो सकती है।
जनस्वास्थ्य पर भी खतरा
यह मामला केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य से भी जुड़ा है। स्थानीय लोग इसी नदी के पानी का उपयोग स्नान और अन्य कार्यों में करते हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
जांच और कार्रवाई की मांग
सरयू राय ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निकाय और औद्योगिक इकाइयों से इस मामले की तत्काल जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि असली कारण सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post