Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। डुमरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों और लोगों को कुचल दिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई जबकि सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
कार को टक्कर मारने के बाद मचा तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने पहले सड़क पर चल रही एक कार को जोरदार टक्कर मारी। घटना के बाद स्थानीय लोग विरोध करने लगे तो चालक ट्रक लेकर भागने लगा। भागने के दौरान ट्रक ने सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर भगदड़ मच गई।
यह भी पढ़ें: शादी में जा रही बस पलटी, 20 घायल; एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनिवास यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की। डीसी ने पीड़ित परिवारों और घायलों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता देने का भरोसा भी दिलाया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।