Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह स्थित मोहनपुर केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। जिलाधिकारी रामनिवास यादव और एसपी डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में करीब 45 अधिकारी और लगभग 150 पुलिस जवान शामिल रहे। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुरुष बंदियों के सभी पांच ब्लॉक के 20 वार्डों के साथ महिला वार्ड की भी गहन तलाशी ली गई।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में छात्र की संदिग्ध मौत: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
देर रात शुरू हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10:45 बजे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की टीम केंद्रीय कारा पहुंची। इसके बाद अलग-अलग टीम बनाकर जेल के हर वार्ड की तलाशी शुरू की गई। पुरुष वार्डों में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पहुंचे, जबकि महिला वार्ड की जांच महिला अधिकारियों और महिला जवानों ने की। तलाशी अभियान के दौरान जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बारीकी से जांच की गई।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने जेल में संतरी की तैनाती, ड्यूटी व्यवस्था, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार और एसडीएम श्रीकांत विस्पुते ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची। कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच- एसपी
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि केंद्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि करीब दो घंटे तक ब्लॉक और वार्डों की सघन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस छापेमारी अभियान में एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, दंडाधिकारी बिनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, बीडीओ गणेश रजक और सीओ जितेंद्र प्रसाद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। वहीं पुलिस टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित कई थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
Reporter | Samachar Post