धनबाद में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-ट्रेलर टक्कर में 1 की मौत, 6 घायल

Meenu | May 4, 2026 | 03:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित जियलगोरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर और ऑटो की टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी लोग बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के अमलाबाद के रहने वाले हैं। परिवार सासाराम-डेहरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकला था और धनबाद स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ऑटो को टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें :जामताड़ा के पॉश इलाके में चोरी: खिड़की का ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर, नकदी समेत सामान ले उड़े

टक्कर इतनी तेज कि सड़क पर जा गिरे यात्री

हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना में राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परमेश्वर ठाकुर समेत अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। परमेश्वर ठाकुर को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों का इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में चल रहा है, जबकि अन्य चार घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें