Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनसार थाना क्षेत्र में संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी की मनमानी और लगातार हो रही ब्लास्टिंग से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामला उस समय और गरमा गया जब विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा समाजसेवी और दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस पूछताछ के लिए थाना ले गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण धनसार थाना पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
यह भी पढ़ें :रामगढ़ में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 120 लीटर शराब और 600 किलो जावा महुआ जब्त
ब्लास्टिंग से घरों में पड़ रही दरारें
ग्रामीणों के अनुसार चांदमारी कोलियरी दुर्गा मंदिर के पीछे चल रहे देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट में लगातार ब्लास्टिंग और डस्टिंग का काम किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि तेज धमाकों के कारण आसपास के घरों में दरारें पड़ने लगी हैं और कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात चल रही गतिविधियों से लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं।
बाउंड्री के बाहर खुदाई का आरोप
स्थानीय लोगों ने कंपनी पर वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले आश्वासन दिया गया था कि बाउंड्री के बाहर कोई खुदाई नहीं होगी, लेकिन अब रात के समय बाउंड्री वॉल तोड़कर आगे तक खुदाई की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन चल रहा था।
मुकेश भुईयां को थाना ले जाने पर बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों के मुताबिक आंदोलन की आवाज उठा रहे मुकेश भुईयां को पुलिस पूछताछ के लिए थाना लेकर गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंच गए। थाने के बाहर लोगों ने प्रशासन और आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी की मनमानी पर रोक लगाई जाए और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post