Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :गोला थाना क्षेत्र के कामता टोला कोलहवा घुटवा स्थित भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार सुबह हुई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें :कोडरमा घाटी के 9वें माइल पर भीषण सड़क हादसा, ब्रेक फेल ट्रक हाईवा से टकराया
एसपी को मिली थी गुप्त सूचना
एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि रामगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई और रविवार सुबह करीब पांच बजे छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने सिकनी निवासी 27 वर्षीय दशरथ महतो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी जंगल और नदी किनारे के रास्ते फरार हो गए।
गोला और आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि सभी लोग मिलकर लंबे समय से शराब भट्ठी चला रहे थे। यहां तैयार महुआ शराब को गोला और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस के अनुसार शराब बनाने और बिक्री से जुड़े किसी वैध दस्तावेज की जानकारी आरोपी नहीं दे सके। इसके बाद गोला थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने मौके से निम्न सामान जब्त किए:
- 120 लीटर महुआ देशी शराब
- 600 किलो जावा महुआ
- 5 बड़े एल्यूमिनियम तसले
- 4 नल लगे ब्लू रंग के जार
- एक बड़ा और एक छोटा पुराना साइकिल
- कई अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Reporter | Samachar Post