Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के बैंक मोड़ इलाके में बुधवार सुबह एक मिठाई दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान में रखा फर्नीचर, मिठाई बनाने की मशीनें, तैयार मिठाइयां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
धुआं उठता देख लोगों ने दी सूचना
स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और तेज लपटें निकलती देख तुरंत बैंक मोड़ थाना और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह आसपास की अन्य दुकानों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें: झारखंड में बदलेगा मौसम, रांची समेत 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
दुकान मालिक को भारी नुकसान
घटना के बाद दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जल गया है। शादी और त्योहार के सीजन को देखते हुए बड़ी मात्रा में मिठाइयों का स्टॉक और कच्चा माल रखा गया था, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी लोग बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।