Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :चाईबासा के झींकपानी थाना क्षेत्र में 30 साल पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम सामने आया है। यहां एक युवक पर तीर-धनुष से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा मंगलवार को बहामन टूटी ने किया।
यह भी पढ़ें :रांची में पहाड़ी मंदिर के पीछे बाउंड्री वॉल को लेकर बवाल, युवक गंभीर रूप से घायल
युवक पर तीरों की बौछार, तीन तीर लगे
पुलिस के मुताबिक 9 मई को झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास बेतिया गांव निवासी चुइया बिरुली पर तीर-धनुष से हमला किया गया था। आरोपी ने हत्या की नीयत से लगातार कई तीर चलाए, जिनमें से तीन तीर चुइया बिरुली को लगे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके शरीर से दो तीर निकाले, जबकि एक तीर घायल ने खुद निकाल लिया था। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम, आरोपी गिरफ्तार
घायल के बयान के आधार पर झींकपानी थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित रेणु के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिड़िया पहाड़ी गांव निवासी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
1995 में हुई थी पिता की हत्या, बेटे ने लिया बदला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पिता लागो बिरुली की वर्ष 1995 में हत्या कर दी गई थी। हाल ही में आरोपी को जानकारी मिली कि उस मामले में चुइया बिरुली और उसके कुछ साथियों का नाम सामने आया था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में बदले की भावना पैदा हुई। पुलिस के अनुसार मौका मिलते ही उसने चुइया बिरुली पर हमला कर दिया और करीब 20 तीर चला दिए। इनमें से तीन तीर सीधे घायल को लगे।
घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष बरामद
पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकती है, यह मामला उसका बड़ा उदाहरण है।
Reporter | Samachar Post