शशि थरूर के काफिले पर हमला: गनमैन और ड्राइवर से मारपीट

Samachar Post डेस्क, रांची :कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। यह घटना मलप्पुरम जिले के वांडूर इलाके में हुई, जहां उनके गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें :सरयू राय का बड़ा बयान: BJP-कांग्रेस के बिना भी झारखंड में बन सकती है सरकार

चुनाव प्रचार के दौरान हमला

बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चेल्लिथोड के पास थिरुवाली इलाके में हुई। शशि थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वांडूर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनके काफिले को रोक लिया गया। पुलिस के मुताबिक, सड़क संकरी होने और पुल के पास जाम जैसी स्थिति के कारण काफिला धीमा हो गया था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार करीब पांच लोगों ने काफिले को रोक लिया। जब गनमैन ने रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर और ड्राइवर पर हमला कर दिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

घटना के बाद गनमैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। वांडूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि हमले के पीछे कोई राजनीतिक साजिश या दुश्मनी तो नहीं है।

Share this news

संबंधित खबरें