Samachar Post डेस्क, रांची :रेखा शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कई सक्षम और प्रभावशाली नेता संगठन छोड़ चुके हैं, जिससे कांग्रेस की स्थिति लगातार खराब हुई है।
यह भी पढ़ें :पश्चिमी सिंहभूम के गुवा में उग्र आंदोलन: रोजगार की मांग पर सड़कों पर उतरे ग्रामीण, खदान ठप
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस को घेरा
रेखा शर्मा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बिल का श्रेय तो लेती है और राजीव गांधी तथा इंदिरा गांधी के प्रयासों का हवाला देती है, लेकिन सवाल यह है कि इतने वर्षों में इसे पारित क्यों नहीं कराया गया। महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद में हालिया चर्चा और वोटिंग के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। भाजपा इसे विपक्ष की नीयत पर सवाल के तौर पर देख रही है, जबकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसे संवैधानिक मुद्दा बता रहे हैं।
भाजपा का विरोध प्रदर्शन
बिल से जुड़े विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला भी जलाया, जिससे राजनीतिक तनाव और बढ़ गया। रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के सशक्तिकरण की बात तो करता है, लेकिन व्यवहार में केवल परिवारवाद को बढ़ावा देता है। वहीं भाजपा का दावा है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
राष्ट्रीय बहस का केंद्र बना मुद्दा
महिला आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि सत्तापक्ष और विपक्ष इस पर सहमति बना पाते हैं या सियासी टकराव यूं ही जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post