Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम :पश्चिमी सिंहभूम के गुवा क्षेत्र में रोजगार की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन उग्र हो गया है। सोमवार तड़के करीब 4 बजे से 12 गांवों के मुंडा-मानकी के नेतृत्व में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और खदान क्षेत्र में मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आंदोलनकारियों ने सेल के साइज स्क्रीन, जीरो प्वाइंट और लोडिंग प्वाइंट को जोड़ने वाले रास्ते को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इससे खदान क्षेत्र में आवागमन रुक गया और कामकाज ठप हो गया।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में बड़ी चोरी: ज्वेलरी दुकान का वेंटिलेटर काटकर 5 किलो चांदी ले उड़े चोर
बसें रोकी गईं, उत्पादन प्रभावित
प्रदर्शन का असर इतना व्यापक रहा कि पहली पाली में खदान जाने वाली बसों को भी रोक दिया गया। इससे उत्पादन और डिस्पैच पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को संभालने के लिए सेल प्रबंधन की ओर से एचआर महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार और अमित तिर्की मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रबंधन ने प्रस्ताव दिया कि हर महीने बैठक कर प्रत्येक गांव से 2–3 लोगों को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन आंदोलनकारियों ने इसे ठुकरा दिया।
500 नौकरियों की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक 500 बेरोजगारों को रोजगार देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
तनावपूर्ण माहौल, कामकाज पूरी तरह प्रभावित
वार्ता विफल होने के बाद भी प्रदर्शन जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और खदान का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
Reporter | Samachar Post