Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल को राजधानी रांची समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और पलामू समेत कई जिलों में तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में भी तेज धूप और गर्मी का असर साफ दिखाई देगा।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत
मेदिनीनगर सबसे गर्म, तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा। मेदिनीनगर का तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक है। सरायकेला में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में भी तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान करेगी।
इन जिलों में बारिश के संकेत
16 और 17 अप्रैल को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। संथाल परगना के कुछ इलाकों में गर्जन के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को लू और तेज धूप से बचने की सलाह दी है। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतें।
Reporter | Samachar Post