Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक भयावह सड़क हादसा हुआ। तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें चालक और खलासी जिंदा जल गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, कुलगो टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे कई ट्रक खड़े थे। उसी दौरान बगोदर की ओर से आ रहा गुड़ लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और खड़े मक्का लदे ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मक्का लदा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा और तीनों वाहन आपस में टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद ट्रकों में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें ऊंची उठने लगीं। आग इतनी भयंकर थी कि कोई भी पास जाकर मदद नहीं कर सका। गुड़ लदे ट्रक में फंसे चालक और खलासी बाहर नहीं निकल पाए और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :डिप्लोमा-इन-फार्मेसी परीक्षा को लेकर नामकुम में निषेधाज्ञा लागू
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ।
एक चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से डुमरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे आवागमन सामान्य कराया।
पुलिस कर रही जांच
डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत होता है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post