Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बेनी कला पंचायत के बिशुनपुर गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घर के बाहर खेल रहे 3 वर्षीय मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामल्ला कुमार (3 वर्ष), पिता रंजीत पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक घर में लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रैक्टर पलटा, चालक फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। इस दौरान चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
कार्रवाई और मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post