Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिले में भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक आवास में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बेलहारा गांव स्थित उनके घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, बेलहारा गांव स्थित पैतृक घर में पिछले कुछ समय से कोई नियमित रूप से नहीं रह रहा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में सेंध लगाई और आलमारी व दरवाजों के लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: फुरुका नदी के पास गाड़ी पलटी, 3 लोगों की दर्दनाक मौत
लाखों के गहने और कैश चोरी
परिजनों के मुताबिक घर से करीब 9 अंगूठी, 2 सोने की चेन, चांदी के जेवर और लगभग 2.70 लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं। परिवार का कहना है कि हाल ही में हुई शादी में मिले गहने भी चोर ले गए।
मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वाड
घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों ने कहा कि चोर बेहद आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे यह शक गहराता है कि वे काफी देर तक घर के अंदर रहे होंगे। स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गढ़वा पुलिस के एसडीपीओ ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post