Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची के निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। यहां दोनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में इस दौरान भक्ति का माहौल देखने को मिला। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे नवनिर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों व समिति के सदस्यों से जानकारी ली। मंदिर नवनिर्माण समिति ने उन्हें अब तक हुए कार्य और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।
यह भी पढ़ें :ब्रहम्चारी नगर प्रकरण-2: आदिवासी और गैर-मजरूआ जमीन पर बन रहे आलीशान मकान, बड़े नामों की एंट्री
भव्यता और सुविधाओं पर दिया जा रहा जोर
समिति के अनुसार, तपोवन मंदिर को और भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है, ताकि भविष्य में यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सके।
धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन स्थानों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और स्थानीय स्तर पर विकास को भी बढ़ावा मिल सके।
Reporter | Samachar Post