Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची के कांके रोड स्थित ब्रहम्चारी नगर इलाके में जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि आदिवासी और गैर-मजरूआ जमीन पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर महंगे मकान बनाए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में भू-माफियाओं के साथ कुछ सरकारी विभागों से जुड़े लोगों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जमीन का नेचर स्पष्ट नहीं होने के बावजूद कई प्रभावशाली लोग यहां जमीन खरीदकर आलीशान घर बना रहे हैं। मामले में नगर निगम से जुड़े एक इंजीनियर, पुलिस विभाग से जुड़े कुछ लोग, वकालत पेशे से जुड़े व्यक्तियों और निजी कंपनियों के कर्मचारियों के नाम सामने आने की चर्चा है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर किसी की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें :अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत: सीएम बोले- फायर जवानों का समर्पण समाज के लिए प्रेरण
बिना कागजात के निर्माण के आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस जमीन पर निर्माण हो रहा है, उसके वैध कागजात स्पष्ट नहीं हैं। आरोप है कि जमीन बेचने वाले लोग खुद भी उसी इलाके में बिना वैध दस्तावेज के निर्माण करा रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि ACB की नजर अब इस जमीन विवाद पर पड़ चुकी है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों को मामले पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि जांच को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच हुई तो गिर सकते हैं अवैध निर्माण
जानकारों का मानना है कि यदि जमीन की सही तरीके से जांच होती है, तो कई निर्माण अवैध पाए जा सकते हैं और कार्रवाई के तहत उन्हें हटाया भी जा सकता है। ऐसे में यह मामला भविष्य में बड़े घोटाले के रूप में सामने आ सकता है।
प्रशासन की भूमिका पर टिकी नजर
अब सबकी नजर जिला प्रशासन पर है कि वह इस मामले में कितनी गंभीरता से जांच करता है और क्या अवैध कब्जों और निर्माण पर सख्त कार्रवाई होती है।
Reporter | Samachar Post