Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र के जीतपुर पंचायत अंतर्गत दुर्गापहरी गांव के डांडीघुटु टोला में गंभीर जल संकट सामने आया है। करीब 40 घरों के लोग पीने के लिए गंदे डाड़ी के पानी पर निर्भर हैं। यही पानी जानवर भी पीते हैं, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार पूरे टोले के लिए सरकार की ओर से सिर्फ एक कुआं बनाया गया था, जो अब सूख चुका है। इसके बाद कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में लोग खेतों और गड्ढों में जमा पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बनी पानी टंकी, लेकिन नहीं मिला पानी
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2021-22 में एकल ग्राम जलपूर्ति योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक उससे एक बूंद भी पानी नहीं मिला। योजना कागजों तक सीमित रह गई, जबकि जमीनी स्तर पर हालात गंभीर बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें:चाईबासा में ‘बुलेट गैंग’ का भंडाफोड़, मोबाइल चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से समस्या बनी है, लेकिन कोई जनप्रतिनिधि हाल जानने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस है। पानी की कमी के कारण गांव की सामाजिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है और लोग यहां रिश्ते करने से भी कतराने लगे हैं।
आंदोलन की चेतावनी
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेंगे। उन्होंने कल्पना मुर्मू सोरेन और सुदिव्य कुमार सोनू से भी हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी ही नहीं, बरसात में भी हालात नहीं बदलते। अब उनकी नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि कब इस गंभीर समस्या का समाधान होता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।