कोयला तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: कबरीबाद माइंस में छापा, 16 बाइक जब्त

Meenu | April 23, 2026 | 10:06 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह में कोयला तस्करी के खिलाफ गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई की गई। सीसीएल प्रबंधन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कबरीबाद माइंस में छापेमारी कर तस्करी में इस्तेमाल हो रही 16 बाइक जब्त कीं। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए।

हर रात माइंस में घुस रहे तस्कर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह कोई एक दिन की घटना नहीं है। बताया जाता है कि लगभग हर रात तस्कर बाइक के जरिए माइंस में घुसकर कोयला चोरी करते हैं। इससे न सिर्फ अवैध खनन बढ़ रहा है, बल्कि उत्पादन कार्य भी प्रभावित हो रहा है। गुरुवार सुबह करीब 3 बजे भी दर्जनों बाइक के साथ तस्कर माइंस में पहुंचे और कोयला निकालने की कोशिश करने लगे।

सूचना मिलते ही एक्शन मोड में टीम

मामले की जानकारी मिलते ही सीसीएल के सुरक्षा विभाग ने जीएम गिरीश कुमार राठौर और परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा को अलर्ट किया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में पुलिस और सीसीएल की टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी में 16 बाइक जब्त, तस्कर फरार

संयुक्त टीम की कार्रवाई से तस्करों में अफरातफरी मच गई। वे मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन 16 बाइक वहीं छोड़ गए। पुलिस ने सभी बाइकों को जब्त कर लिया है और इनके आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी

परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने कहा कि माइंस में तस्करी की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब्त बाइकों की जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Share this news

संबंधित खबरें