Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: जिले में मंगलवार को प्रशासनिक हलचल तब बढ़ गई जब उपायुक्त अनन्या मित्तल ने समाहरणालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की और अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। डीसी ने राजस्व, भू-अर्जन, कोषागार, नजरत, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा कोषांग और समाज कल्याण समेत कई कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया।
उपस्थिति पंजी और रिकॉर्ड की जांच
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कई विभागों में उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने फाइलों और अभिलेखों की स्थिति देखी और निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें: वोट डालने की होड़: दिल्ली से बंगाल जाने वाली ट्रेनें फुल, स्टेशन पर उमड़ी भीड़
स्वच्छता और पारदर्शिता पर जोर
डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर को व्यवस्थित रखा जाए, शौचालयों की नियमित सफाई हो और फाइलों का सही रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे कामकाज में पारदर्शिता बनी रहेगी।
प्लास मार्ट का भी किया निरीक्षण
समाहरणालय परिसर स्थित प्लास मार्ट का भी निरीक्षण किया गया। डीसी ने वहां उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा करते हुए सेवा वितरण को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि अनुशासन, स्वच्छता और पारदर्शिता सुशासन की पहचान है और इन्हीं आधारों पर प्रशासन को मजबूत किया जा सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।