Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा में अपराध समीक्षा बैठक: SP आशुतोष शेखर के सख्त निर्देश, अपराध नियंत्रण पर जोर में सोमवार को नवपदस्थापित एसपी आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की शुरुआत में एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रहे और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें :टाटानगर रेल नेटवर्क को मिलेगी मजबूती, पांड्रासाली-कांड्रा के बीच बनेंगी दो नई लाइनें
पॉक्सो और एससी/एसटी मामलों को प्राथमिकता
एसपी ने पॉक्सो से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही एससी/एसटी मामलों की जांच में विशेष सतर्कता बरतने को कहा, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
नक्सल गतिविधियों पर पैनी नजर
बैठक में जमानत पर बाहर आए नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नियमित अंतराल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने की बात भी कही गई, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
जांच प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता पर जोर
पिछले महीने दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने और कोर्ट से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को E-साक्ष्य पोर्टल पर मामलों की एंट्री अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
थाना स्तर पर रोजाना समीक्षा बैठक के निर्देश
एसपी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा के लिए रोजाना बैठक आयोजित की जाए। चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, साइबर क्राइम, आईटी एक्ट, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन, वारंट और कुर्की निष्पादन जैसे मामलों को तेजी से निपटाने पर जोर दिया गया।
लापरवाही पर सख्त रुख
बैठक के अंत में एसपी आशुतोष शेखर ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
Reporter | Samachar Post