धनबाद में बंद घर में चोरी, ताला तोड़कर 2 लाख का सामान ले उड़े चोर

Meenu | March 26, 2026 | 01:31 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित तपोवन कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सामान लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, घर के मालिक सुदेश दुबे अपने परिवार के साथ करीब एक सप्ताह पहले इलाज के लिए वेल्लोर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ देखा और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें :देवघर में भीषण अगलगी: बूढ़ेई चौक की दुकान में आग, लाखों का नुकसान

सोना-चांदी और महंगे सामान की चोरी

चोर घर से चांदी के सिक्के, पायल, चांदी का नोट, एक सोने की अंगूठी, एलईडी टीवी, महंगी साड़ियां और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार, रात में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। परिवार के लौटने के बाद चोरी गए सामान की पूरी सूची और सही मूल्य का आकलन किया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।

Share this news

संबंधित खबरें