पटना के सात प्रखंडों को बड़ी सौगात, नए डिग्री कॉलेजों में जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई

Rupa Kumari | February 19, 2026 | 01:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार सरकार ने पटना जिले के सात प्रखंडों को बड़ी शैक्षणिक सौगात दी है। जुलाई 2026 से इन प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू होने जा रही है। इसकी जानकारी पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम की समीक्षा बैठक के दौरान दी।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी उच्च शिक्षा की पहुंच

डीएम ने कहा कि इन नए डिग्री कॉलेजों के खुलने से उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और छात्रों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल शिक्षा की असमानता को दूर करने और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक माहौल को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। यह योजना बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के चौथे संकल्प के तहत लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य उच्च शिक्षा का विस्तार करना है।

यह भी पढ़ें: JPSC उम्र सीमा का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, मंत्री बोले- सरकार कर रही है सकारात्मक विचार

इन सात प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज

जानकारी के मुताबिक, पटना जिले के 23 प्रखंडों में से सात में अब तक कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं था। इन्हीं क्षेत्रों को पहले चरण में चुना गया है। जिन प्रखंडों में कॉलेज खुलने हैं, वे हैं अथमलगोला, बेलछी, दनियावां, घोसवरी, खुसरूपुर, मनेर और संपतचक।

गरीब छात्रों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ

डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राएं दूर जाकर पढ़ाई करने में असमर्थ रहते थे। नए कॉलेज खुलने से न केवल उनका ऑटो भाड़ा और अतिरिक्त खर्च बचेगा, बल्कि वे अपने घर के पास ही स्नातक स्तर की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।

समयबद्ध तैयारी के निर्देश

प्रशासन का लक्ष्य है कि जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया जाए। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भवन, भूमि और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि सरकार के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन होना चाहिए।

रोजगार और सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

प्रशासन का मानना है कि स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से रोजगारोन्मुख और वोकेशनल शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि अभी पटना जिले के 23 में से केवल 16 प्रखंडों में ही डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध है। सात नए कॉलेज शुरू होने के बाद जिले के सभी प्रखंडों में संतुलित शैक्षणिक व्यवस्था स्थापित हो सकेगी, जिससे छात्रों के करियर और जीवनस्तर में सुधार की उम्मीद है।

Share this news

संबंधित खबरें