बिहार में हार के बाद तेज प्रताप यादव का नया दांव, बंगाल और यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान

Meenu | December 13, 2025 | 12:22 PM IST

Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई राजनीतिक रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने ऐलान किया कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल अब सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखते हुए पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लड़ेगी। तेज प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अब राज्य नहीं, बल्कि देशव्यापी पहचान बनाना है। इसके तहत संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :सीज की गई संपत्तियों में खुलेंगे स्कूल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

बंगाल और यूपी में चुनावी तैयारी

तेज प्रताप यादव ने बताया कि जनशक्ति जनता दल पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके साथ ही पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सक्रिय रूप से भाग लेगी। उनका कहना है कि पार्टी को राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित करना प्राथमिक लक्ष्य है। राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी देशभर में सदस्यता अभियान चला रही है और लगातार नए लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनशक्ति जनता दल को ग्राउंड लेवल पर मजबूत किया जा रहा है, ताकि हर राज्य में पार्टी की ठोस मौजूदगी बन सके।

परिवार के खिलाफ राजनीति नहीं होगी बर्दाश्त

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक हालात पर चिंता जताई। उन्होंने सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि आज के समय में कोई भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी बहन के साथ मजबूती से खड़े हैं और परिवार के खिलाफ किसी भी तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सामाजिक मुद्दों पर सरकार को घेरा

तेज प्रताप यादव ने सरकार से मांग की कि सड़क किनारे मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए पक्के और सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कई योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती हैं और जरूरतमंदों तक उनका लाभ नहीं पहुंच पाता।

डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की तैयारी

तेज प्रताप यादव ने बताया कि पार्टी जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च करेगी। इसके जरिए पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और अभियानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं और नए मतदाताओं से संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा।

हार के बाद संगठन को मजबूत करने पर फोकस

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पुरानी पार्टी से अलग होकर उन्होंने जनशक्ति जनता दल का गठन किया और हसनपुर सीट छोड़कर महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। महुआ सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि प्रशांत किशोर की पार्टी दूसरे स्थान पर रही और तेज प्रताप यादव तीसरे स्थान पर रहे। चुनावी हार के बाद अब तेज प्रताप यादव युद्धस्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें