टाटानगर स्टेशन पर वीआईपी लेन बंद और ट्रेनों के विलंब पर आजसू ने जताया विरोध

Rupa Kumari | December 8, 2025 | 05:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर वीआईपी लेन को स्टील बैरिकेड लगाकर बंद किए जाने और यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब को लेकर आजसू पार्टी ने विरोध जताया। सोमवार को जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपकर यात्रियों के हित से जुड़े मुद्दों पर अवगत कराया।

वीआईपी लेन बंद से आम जनता प्रभावित

आजसू ने कहा कि वीआईपी लेन बंद होने से आम यात्रियों, दिव्यांगजन, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और परिजनों को छोड़ने-लेने आने वालों को परेशानी होगी। ड्रॉपिंग लेन में 10 मिनट से अधिक रुकने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है, जिससे यात्रियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ेगा। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि इससे आम यात्रियों की गाड़ियां फंस सकती हैं और स्टेशन की व्यवस्था बाधित हो जाएगी।

यह भी पढ़ें: सड़क परियोजनाओं और कोल माइंस पर डीसी ने की कड़ी समीक्षा, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का निर्देश

ट्रेन विलंब पर चिंता

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि चांडिल, चक्रधरपुर और घाटशिला से सही समय पर चलने वाली ट्रेनों का टाटानगर पहुंचने में तीन से चार घंटे की देरी हो रही है, जिससे यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

स्टेशन प्रशासन की प्रतिक्रिया

स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को छोड़कर किसी को वीआईपी श्रेणी में नहीं रखा गया है और निकास द्वार से ही आवागमन होगा। आपातकालीन सेवाओं के लिए विचार-विमर्श जारी है। पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने डीआरएम की कार्यशैली को जनभावना के विरुद्ध बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। कन्हैया सिंह ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आजसू उग्र आंदोलन और अनशन करने को बाध्य होगी। मौके पर कमलेश दुबे, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, प्रकाश विश्वकर्मा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share this news

संबंधित खबरें