नव वर्ष 2026 का जश्न: रांची के पर्यटन स्थल बने सैलानियों का केंद्र

Rupa Kumari | December 31, 2025 | 11:11 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नव वर्ष 2026 के स्वागत के लिए राजधानी रांची और आसपास के पर्यटन स्थल पूरी तरह तैयार हैं। ठंडा मौसम, हरियाली और झरनों की खूबसूरती के बीच रांची इन दिनों किसी हिल स्टेशन जैसा नज़ारा पेश कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रहेगा, जिससे पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।

बाहर से आए पर्यटकों की भारी आमद

इस बार बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से बड़ी संख्या में पर्यटक रांची पहुंचे हैं। शहर के करीब 90 प्रतिशत होटल फुल हो चुके हैं। दशम फॉल, हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल, पतरातू घाटी, रॉक गार्डन, बिरसा जैविक उद्यान, धुर्वा, गेतलसूद और कांके डैम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हैं।

यह भी पढ़ें: नववर्ष पर देवघर में सुरक्षा और यातायात कड़ा

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट मोड में

नव वर्ष को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख फॉल और पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात डेंजर प्वाइंट्स पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट, पर्यटन मित्रों की तैनाती प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्यटक सुरक्षित माहौल में नव वर्ष का आनंद उठा सकें।

प्रमुख पर्यटन स्थल और जरूरी सावधानियां

हुंडरू फॉल (अनगड़ा)

  • स्वर्णरेखा नदी पर करीब 320 फीट की ऊंचाई से गिरता यह झरना अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है।
  • सावधानी: 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भारी भीड़ की संभावना सुरक्षित स्थान पर ही वाहन पार्क करें, डेंजर जोन में प्रवेश न करें।

दशम फॉल (बुंडू, तैमारा गांव)

  • कांची नदी पर स्थित यह फॉल 144 फीट ऊंचाई से गिरता है और इसकी 10 जलधाराएं इसे खास बनाती हैं।
  • सावधानी: लाल रिबन से घिरे डेंजर जोन में न जाएं, ऊपरी क्षेत्र में जाने से बचें, वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें।

जोन्हा फॉल (अनगड़ा)

  • रांची से करीब 40 किमी दूर स्थित यह स्थल प्राकृतिक सुंदरता के साथ बौद्ध धर्म से जुड़े ऐतिहासिक अवशेषों के लिए भी जाना जाता है।
  • सावधानी: चट्टानों पर फिसलन से बचें, डेंजर जोन के आगे न बढ़ें, पर्यटन मित्रों के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन और पर्यटन मित्रों का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में लाखों सैलानी रांची के पर्यटन स्थलों पर पहुंच सकते हैं। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, सुरक्षा निर्देशों का ध्यान रखें और सुरक्षित तरीके से नव वर्ष 2026 का आनंद लें।

Share this news

संबंधित खबरें