Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के छेचानी टोला में मंगलवार को दिल दहला देने वाली लूट की घटना हुई। घर में अकेली महिला और उसके छोटे बच्चे को निशाना बनाकर बाइक सवार तीन अपराधियों ने लाखों के जेवरात लूट लिए। पीड़िता का पति रांची में फायर ब्रिगेड में तैनात है।
यह भी पढ़ें: 52 लाख की ठगी के आरोपी के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, गिरफ्तारी में जुटी धनबाद पुलिस
बच्चे को पिस्तौल दिखाकर धमकाया
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पूनम तिवारी अपने छोटे बेटे के साथ घर पर अकेली थीं। तभी तीन युवक बाइक से आए और घर में घुसते ही बच्चे को पकड़ लिया। अपराधियों ने बच्चे की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर महिला को धमकाया, “बेटे की जान बचाना है तो जेवरात निकालो!” डरी-सहमी महिला ने अपने पास रखे करीब 3.50 लाख के जेवरात और मोबाइल फोन अपराधियों को सौंप दिए।
संदिग्ध हिरासत में, अहम सुराग मिले
सूचना पर मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में छापेमारी शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अपराधियों को पहले से जानकारी थी कि महिला घर में बच्चे के साथ अकेली रहती है। पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।