रांची में 10 हजार दुकानों पर बिजली कटने का खतरा, दुर्गा पूजा पर अंधेरे की आशंका

Rupa Kumari | September 23, 2025 | 01:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में दुर्गा पूजा से पहले बिजली संकट गहराने लगा है। शहर के करीब 10 हजार व्यवसायिक उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म हो चुका है, जिससे अगले कुछ दिनों में इन दुकानों और प्रतिष्ठानों की बिजली कटने की संभावना है। सोमवार को जेबीवीएनएल (झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड) ने स्मार्ट मीटर सिस्टम में नया सॉफ्टवेयर अपडेट किया, जिसमें उपभोक्ताओं के बकाया बिल की जानकारी अपलोड की गई। इसके बाद सिस्टम ने स्वचालित रूप से उन उपभोक्ताओं की बिजली काटना शुरू कर दी जिनका बैलेंस शून्य हो गया था।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके

  • सेंट्रल डिविजन: मेन रोड, थड़पखना, चर्च रोड – करीब 3316 दुकानों की बिजली कट गई
  • पश्चिमी डिविजन: पिस्का मोड़ और रातू रोड – लगभग 2500 उपभोक्ताओं की बिजली चली गई

यह भी पढ़ें : इंदौर में 3 मंजिला इमारत गिरी, मलबे में दबने से 2 की मौत; 12 गंभीर रूप से घायल

जेबीवीएनएल का निर्देश

कंपनी ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं का मीटर बैलेंस शून्य हो गया है, उन्हें तुरंत रिचार्ज करना होगा। भुगतान एटीपी मशीन, ऑनलाइन माध्यम या एसबीआई ई-पे से किया जा सकता है। साथ ही, कंपनी ने सलाह दी है कि बकाया राशि के साथ कम से कम 200 रुपये अतिरिक्त बैलेंस भी जोड़ दें ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति जारी रहे। जिनके बिल में कोई गलती है, वे तुरंत अपने विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से संपर्क करें। बिजली विभाग ने दो दिन की रियायत दी है। इस दौरान रिचार्ज करवा लेने पर बिजली फिर से जोड़ दी जाएगी।

महाप्रबंधक का बयान

रांची विद्युत एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया कि कई उपभोक्ताओं पर 10 हजार से 50 हजार रुपये तक का बकाया है। उनके सुरक्षा राशि भी खत्म हो चुकी है, जिससे नए सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद बिजली कटने लगी।

व्यापारियों की चिंता

त्योहारी मौसम में यह बिजली संकट रांची के व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। समय रहते रिचार्ज न करने पर दुर्गा पूजा के दौरान कई दुकानों में अंधेरा छा सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें