टाटीसिलवे में 15 से 22 फरवरी तक चलेगा श्रीमद् भागवत कथा, 14 को कलश यात्रा में शामिल होंगी 2100 महिलाएं

Samachar Post | January 29, 2025 | 01:23 PM IST
विश्व प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी उपाध्याय।

श्रीमद् भागवत कथा आयोजन समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, विश्व प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी उपाध्याय कराएंगे कथा का रसपान


Samachar Post, रांची : टाटीसिलवे के ईईएफ मैदान में 15 से 22 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाना है। प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी उपाध्याय 8 दिन तक भागवत प्रेमियों काे कथा का रसपान कराएंगे। भागवत के सभी प्रसंगों का उल्लेख कर श्रद्धालुओं का आनंदित करेंगे। बुधवार को श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर आयोजन समिति के कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई। श्रीमद् भागवत कथा अायोजन समिति के अध्यक्ष रासेश्वर मिश्रा ने बताया कि इस क्षेत्र के लोगों में शिक्षा संस्कार सांस्कृतिक, वैचारिक एवं आध्यात्मिक धरोहर के संरक्षण संवर्धन और धार्मिक चेतना को जागृत करने के उ‌द्देश्य से 8 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन ईईएफ मैदान में किया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक पूज्य इन्द्रेश जी उपाध्याय (वृंदावन) के श्रीमुख से भागवत कथा का प्रेम रस प्रवाहित होगा। कथा आरंभ के एक दिन पूर्व 14 फरवरी को भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाला जाएगा। जिसमें 2100 महिलाएं शामिल होंगी। कलश यात्रियों को कलश, नारियल, पानी का बोतल एवं फलाहार समिति द्वारा दिया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक चलेगा। 

आयोजन के मुख्य संरक्षक सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा, संरक्षक खिजरी विधायक राजेश कच्छप, पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय और पूर्व मंत्री सुदेश महतो हैं। प्रेस काॅन्फ्रेंस के दौरान अध्यक्ष रासेश्वर नाथ मिश्रा, सचिव मनोरंजन मिश्रा, काेषाध्यक्ष उमेश प्रसाद, सदस्य राजेंद्र प्रमाणिक, त्रिपुरेश्वर मिश्रा, ब्रजेश मिश्रा, शंकर प्रसाद, गोविंद महतो, शैलेश मिश्रा, राजू पाठक, आयुष मिश्रा शामिल थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल आयोजन समिति के सदस्य।


14 फरवरी को निकाली जाएगी भव्य कलश यात्रा, 7 खंडों में 2100 महिलाएं होंगी शामिल
कलश यात्रा 14 फरवरी को निकाला जाएगा। यह कथा स्थल ईईएफ मैदान से निकलकर स्वर्णरेखा तट तक पहुंचेगी। इसके बाद गायत्री मंदिर से होते हुए टाटीसिलवे बाजार से वापस कथा स्थल लौटेगी। यह यात्रा करीब 3 किलोमीटर का होगा। सचिव मनोरंजन मिश्रा ने बताया कि कलश यात्रा में 2100 महिलाएं शामिल होंगी। इन्हें 7 खंडों में बांटा गया है। इसमें बांके बिहारी खंड, राधा वल्लभ खंड, राधा रमण खंड, युगल किशोर खंड, राधा गोपीनाथ खंड, मदन मोहन खंड और गोविन्द देव खंड शामिल है। सभी खंडों में 300-300 महिलाएं शामिल रहेंगी।

8000 भागवत प्रेमी पंडाल में बैठकर सुन सकेंगे कथा, यूट्यूब चैनल में भी लाइव प्रसारण
भागवत कथा के लिए पंडाल 30000 वर्ग फीट में बनाया जा रहा है। इसमें करीब 8000 लोगों के बैठकर कथा सुनने की व्यवस्था की जा रही है। पंडाल परिसर में पेयजल, चरण पादुका सेवा, शौचालय आदि की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा पूजा पंडाल के अंदर ही अस्थाई भव्य मंदिर का भी निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल परिसर में 10 धार्मिक सामानों के स्टॉल की व्यवस्था होगी। कथा परिसर में निश्शुल्क कार-बाइक पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। जिसमें सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। प्रतिदिन कथा विराम के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। कथा परिसर में कुल 6 एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे। इसके अलावा भक्तिपाठ यूट्यूब चैनल में कथा का लाइव प्रसारण भी होगा। पंडाल के बाहर मेडिकल सेवा में स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा एंबुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
Share this news

संबंधित खबरें