तमाड़ में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़, साले ने टांगी से वार कर बहनोई की कर दी हत्या

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित नीचे टोली गांव में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही बहनोई पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बहनोई और साले के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में मामला घरेलू झगड़े तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में घर में रखी टांगी उठा ली और बहनोई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला बेहद गंभीर था, जिसके कारण बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी साले को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विवाद की वास्तविक वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों की वेबसाइट पर साइबर अटैक, दो साइटों पर दिखने लगे गेम

गांव में दहशत और चर्चा का माहौल

इस घटना के बाद गांव में डर और हैरानी का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पारिवारिक विवाद हत्या तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या अचानक गुस्से में की गई या इसके पीछे कोई पुराना विवाद भी था।

Share this news

संबंधित खबरें