सिमडेगा में झूलते बिजली तार ने ली 18 वर्षीय युवक की जान, मोबाइल नेटवर्क के लिए घर से निकला था

Meenu | July 7, 2026 | 02:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :जिले के ठेठईटांगर प्रखंड की ताराबोगा पंचायत अंतर्गत जिलिंगा गौरीडुबा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। झूलते बिजली के तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय असीत बरवा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में घरों के भीतर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलता है। नेटवर्क मिलने के लिए लोगों को अक्सर कुछ दूरी पर स्थित हडुवासुख नामक ऊंचे स्थान पर जाना पड़ता है। बताया गया कि असीत बरवा भी मोबाइल पर बात करने के लिए उसी दिशा में जा रहा था।

यह भी पढ़ें :रांची के चुटिया थाने में रील बनाना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने कराई परेड, लिखित माफी के बाद छोड़ा

झूलते बिजली तार की चपेट में आया

रास्ते में खेत के पास बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा था। इसी दौरान असीत बरवा अनजाने में तार की चपेट में आ गया और तेज करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेत में उसका शव देखा और इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही ठेठईटांगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें